हजारीबाग में जोनल क्राइम मीटिंग, IG सुनील भास्कर ने अपराध नियंत्रण और रामनवमी-ईद की तैयारियों की समीक्षा की

हजारीबाग:हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उत्तरी छोटानागपुर जोन की जोनल क्राइम मीटिंग आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता बोकारो रेंज के आईजी सुनील भास्कर ने की। बैठक में हजारीबाग डीआईजी अंजनी झा, बोकारो डीआईजी आनंद प्रकाश, और रेंज के विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में पिछली क्राइम मीटिंग के निर्देशों पर हुई कार्रवाई, वर्तमान अपराध की स्थिति, संगठित अपराध, लंबित मामले और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। आईजी सुनील भास्कर ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और संगठित गिरोहों पर विशेष नजर रखने के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।रामनवमी और ईद को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई। आईजी ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी देश-विदेश में प्रसिद्ध है, ऐसे में पर्व के दौरान सुरक्षा पुख्ता की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि त्योहार उमंग और भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।जेल के अंदर और बाहर सक्रिय अपराधियों की निगरानी, जिला बदर कार्रवाई और ई-प्रिजन सिस्टम के माध्यम से अपराध नियंत्रण पर भी जोर दिया गया। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आने वाले सभी त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










