हजारीबाग बार संघ को मिला आधुनिक सभागार, सांसद मनीष जायसवाल ने किया लोकार्पण

रिपोर्ट: आशीष यादव

हज़ारीबाग़:-हजारीबाग बार संघ को अब एक शानदार और अत्याधुनिक सभागार की सौगात मिली है, जिसका उद्घाटन शनिवार को सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण ने संयुक्त रूप से किया। यह सभागार सांसद के पूर्व विधायक कार्यकाल के दौरान विधायक निधि से मिले ₹34 लाख की राशि से तैयार किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की वंदना से हुई, उसके बाद सांसद व अन्य अतिथियों का सम्मान शॉल और स्मृति चिन्ह देकर किया गया। बार संघ अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि यह सभागार अधिवक्ताओं के सपनों का केंद्र है, जो अब साकार हो गया है। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह सभागार किसी बैंक्वेट हॉल से कम नहीं, और जल्द ही इसे वातानुकूलित भी किया जाएगा।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार के सहयोग से एक बहुमंजिला भवन का निर्माण भी शीघ्र ही शुरू होगा। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।राजेंद्र कृष्ण ने कहा कि झारखंड के किसी भी बार संघ में ऐसा सभागार नहीं है जैसा हजारीबाग में बना है। उन्होंने अधिवक्ताओं की एकजुटता और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
समारोह का संचालन महासचिव सुमन कुमार सिंह और धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों अधिवक्ता, महिला अधिवक्ता व बार संघ पदाधिकारी शामिल हुए।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











