सड़क सुरक्षा में हजारीबाग का परचम, राजधानी रांची में दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित जिला परिवहन विभाग

हजारीबाग:राजधानी रांची के चाणक्य बीएनआर होटल में आयोजित ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026’ के राज्य स्तरीय भव्य समापन समारोह में हजारीबाग जिले ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा मनवाया। सड़क सुरक्षा के मानकों के प्रभावी अनुपालन और जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हजारीबाग जिला परिवहन विभाग को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
समारोह के दौरान हजारीबाग जिले को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के सफल आयोजन और इसे जन-आंदोलन का रूप देने में अहम भूमिका निभाने के लिए ‘प्रथम पुरस्कार’ से नवाजा गया। इस अवसर पर विभाग को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की सहायता करने वाले ‘गुड समरिटन’ (नेकदिल मददगार) के प्रचार-प्रसार एवं चिन्हांकन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए जिले को राज्य स्तर पर ‘तृतीय पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि जिले में न केवल यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया गया, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के ठोस प्रयास भी प्रभावी रहे हैं।मंच पर यह सम्मान जिला परिवहन पदाधिकारी बैजनाथ कामती, मोटर यान निरीक्षक बिरसू सिंह, रवीना कुमारी, सड़क सुरक्षा प्रबंधक संतोष कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट शारिक इकबाल एवं आईटी सहायक अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया।इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिला परिवहन कार्यालय की सड़क सुरक्षा टीम (DPIU) ने इसकी सफलता का श्रेय मीडिया के सजग प्रहरी मित्रों को भी दिया।
विभाग ने कहा कि पत्रकारों के सहयोग से सड़क सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुँचा, जिससे यह अभियान एक सामाजिक जन-आंदोलन बन सका। परिवहन विभाग ने मीडिया संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता निरंतर बनी रहे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











