रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से भेजा गया मैसेज, पुलिस अलर्ट

रांची:राजधानी रांची स्थित सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसमें आरडीएक्स से विस्फोट कर कोर्ट परिसर को उड़ाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।धमकी की जानकारी सामने आते ही सिविल कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। मौके पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है।एहतियातन मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जबकि अन्य गेटों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और साइबर टीम इसकी स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी को भी सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की सूचना नहीं है और जांच जारी है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










