मंगला जुलूस में डीजे बजाना पड़ा भारी, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने किया जब्त

ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

हजारीबाग:झारखंड के हजारीबाग जिले में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद जुलूस में डीजे बजाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक डीजे सेट जब्त कर लिया।मंगलवार को हजारीबाग में निकाले गए मंगला जुलूस के दौरान प्रशासन को सूचना मिली कि जुलूस में तेज आवाज में डीजे का प्रयोग किया जा रहा है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर लिया! इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से डीजे चलाने वाले संचालकों और आयोजकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण के नियमों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जुलूस में डीजे का प्रयोग न करें और उच्च न्यायालय द्वारा जारी ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










