भीषण गर्मी में राहत दे रही शिकंजी, हज़ारीबाग में बढ़ी मांग!
हज़ारीबाग:-शहर में भीषण गर्मी के बीच शिकंजी लोगों के लिए राहत का साधन बनकर उभरी है। स्थानीय नागरिकों के बीच इसकी खपत में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। लोग कोल्ड ड्रिंक्स की बजाय शिकंजी को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाती है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी मानी जाती है।
स्थानीय निवासी सीतेश तिवारी ने राष्ट्रीय समाचार के रिपोर्टर से बातचीत में कहा, “गर्मी बहुत ज़्यादा पड़ रही है। ऐसे में शिकंजी पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और आराम महसूस होता है। कोल्ड ड्रिंक्स के बजाय शिकंजी पीना ज़्यादा फायदेमंद है।”
शिकंजी विक्रेता ने बताया कि पहले वे दिल्ली में शिकंजी बेचते थे, लेकिन हज़ारीबाग आने के बाद यहाँ की मांग देखकर उन्होंने यहीं व्यवसाय शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, “हज़ारीबाग जैसे शहरों में शिकंजी की डिमांड काफी अच्छी है। लोग इसे पसंद कर रहे हैं।”
शिकंजी बनाने की विधि के बारे में दुकानदार ने बताया कि इसमें नींबू का रस, शक्कर, पानी और स्वादानुसार काला नमक, काली मिर्च व भुना जीरा मिलाया जाता है। बर्फ के साथ परोसी जाने वाली यह पेय गर्मी में अत्यंत राहतदायक होती है।
स्वास्थ्य लाभ की बात करें तो शिकंजी शरीर में पानी की कमी को पूरा करती है, डिहाइड्रेशन से बचाती है और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखती है। नींबू में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट तत्व शरीर को कई समस्याओं से बचाने में सहायक होते हैं।
भीषण गर्मी के इस मौसम में शिकंजी न केवल ताज़गी का स्वाद देती है बल्कि शरीर को ऊर्जावान भी बनाए रखती है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे