बिहार में ‘विंटेज स्टाइल’ शादी, 30 बैलगाड़ियों पर निकली बारात, दूल्हा पालकी में सवार

बेतिया, पश्चिम चंपारण:जहां आजकल शादियां लग्जरी और दिखावे का प्रतीक बनती जा रही हैं, वहीं बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक अनूठी और सादगी भरी शादी की खबर सामने आई है। यहां इंजीनियर देवशील कुमार और बिहार पुलिस की सोनिया कुमारी ने अपनी शादी को पारंपरिक अंदाज में मनाया।इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि बारात 30 बैलगाड़ियों पर निकली और दूल्हा पारंपरिक पालकी में सवार होकर बारात में शामिल हुए। स्कॉर्पियो, फॉर्च्यूनर या ऑडी जैसी लग्जरी कारों की जगह बैलगाड़ियों पर सज-धज कर बाराती पहुंचे। रास्ते में लाउडस्पीकर पर पुराने लोकगीत बजाए गए, जिसने पूरे माहौल को उत्सवपूर्ण बना दिया।यह शादी थरूहट इलाके की थारू समुदाय की परंपरा और संस्कृति को जीवित रखने का उदाहरण भी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस बारात ने पुराने समय की शादियों की याद दिलाई, जब गांवों में बैलगाड़ी और पालकी के साथ बारात निकली करती थी।सोशल मीडिया पर यह शादी वायरल हो रही है और लोग इसे सादगी, परंपरा और संस्कृति का सुंदर उदाहरण बता रहे हैं। लोगों का मानना है कि शादी की असली खूबसूरती दिखावे में नहीं, बल्कि संस्कृति और परंपरा में होती है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











