बड़कागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 क्विंटल अवैध जावा महुआ नष्ट, थाना प्रभारी दीपक सिंह की सख्ती से मचा हड़कंप।

हजारीबाग, बड़कागांव:अवैध शराब निर्माण और उसके कारोबार पर लगाम कसने के लिए बड़कागांव पुलिस ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के नापो सरईयाटाड़ के आसपास पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर करीब 50 क्विंटल अवैध जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी दीपक सिंह के नेतृत्व में की गई, जिनकी सतर्कता और सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल और सुदूर इलाकों में छिपाकर रखे गए जावा महुआ को खोज निकाला और उसे विनष्ट कर दिया, ताकि उससे अवैध शराब का निर्माण न हो सके।
थाना प्रभारी दीपक सिंह की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। वे लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी सूचना पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। उनकी अगुवाई में पुलिस टीम न केवल अपराध पर नियंत्रण कर रही है, बल्कि समाज में कानून का संदेश भी मजबूती से पहुंचा रही है।
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लगातार छापेमारी, गश्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है। खासकर उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां पहले अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां सामने आती रही हैं।
पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। बड़कागांव पुलिस की इस सख्ती और प्रतिबद्धता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










