पति की दबावपूर्ण हरकतों से परेशान पत्नी घर से निकली, आरोपी पिता ने नाबालिग बेटी के साथ किया दुष्कर्म

कोरबा:जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। पसान थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने मानवता को कलंकित करने वाली हरकत को अंजाम दिया है। पत्नी के घर से बाहर जाने के बाद आरोपी ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में रहने वाली आरोपी की पत्नी, पति द्वारा बार-बार दबावपूर्वक संबंध बनाने की जिद से परेशान होकर अपने एक रिश्तेदार के घर चली गई थी। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद नाबालिग बेटी पर आरोपी पिता की नियत खराब हो गई और उसने अपराध को अंजाम दिया।घटना के बाद नाबालिग बच्ची ने रात में अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। अगले दिन पीड़िता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











