नशा मुक्ति को लेकर यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज में रैली, गांव-गांव चलाया गया जागरूकता अभियान।

हजारीबाग:झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के बैनर तले शुक्रवार को यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज से शुरू होकर विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर के दूसरे छोर तक गई।
रैली के दौरान पूरे परिसर का भ्रमण करते हुए छात्रों को नशा मुक्ति के लाभ और नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।वहीं दूसरी ओर जिले के ईचाक प्रखंड अंतर्गत कारीमाटी, छावनी, गिरही, ईचाक सहित कई गांवों में नालसा डाउन स्कीम–2025 के तहत नशीले पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम की निगरानी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग श्री रंजीत कुमार द्वारा की जा रही है।जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना ने बताया कि नशा मुक्ति जागरूकता अभियान 5 जनवरी से प्रारंभ होकर 12 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान अधिकार मित्र विकास कुमार पांडेय एवं दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सलाह दी और इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक नुकसान की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया, जिसके माध्यम से घर बैठे निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीणों और उपस्थित छात्र-छात्राओं ने इस अभियान को उत्साहपूर्वक सुना, समझा और इसकी सराहना की। कार्यक्रम में अधिकार मित्र रामजतन प्रसाद, निर्मल राम, कंचन मेहता सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











