नशामुक्त समाज निर्माण सबसे बड़ी चुनौती : गौरव खुराना।

हजारीबाग:गौतम बुद्ध शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, मुकुंदगंज में गुरुवार को नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा),हजारीबाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को नशामुक्त बनाना समाज की सबसे बड़ी चुनौती है।उन्होंने एक नाबालिग बालक का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे वह ब्राउन शुगर की लत में पड़कर चोरी जैसे अपराध करने लगा था, लेकिन आब्जर्वेशन होम में आने के बाद डालसा और जिला प्रशासन के सहयोग से उसकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया और आज वह बेहतर जीवन जी रहा है।
सचिव गौरव खुराना ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर सतत नजर रखें और उन्हें सही-गलत की पहचान कराते रहें। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराधों का एक बड़ा कारण नशाखोरी है।ऐसे में युवाओं को स्वयं जिम्मेदारी समझते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना होगा।उन्होंने प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।कार्यक्रम को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता गौरव सहाय ने भी संबोधित किया।
उन्होंने नशापान से बढ़ते अपराधों पर प्रकाश डालते हुए इसके निराकरण के उपाय बताए और सभी से आह्वान किया कि हजारीबाग को “उड़ता पंजाब” बनने से रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इससे पूर्व प्रशिक्षुओं के बीच नशा उन्मूलन विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।डालसा सचिव ने बताया कि प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रंजीत कुमार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. बसुंधरा कुमारी ने किया।मंच संचालन सहायक प्राध्यापिका सुष्मिता घोषाल एवं धन्यवाद ज्ञापन वर्षा कुमारी ने किया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में डालसा फ्रंट ऑफिस के पीएलवी दीपक कुमार, विकास कुमार पांडेय सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











