टाटीझरिया : झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, कड़ाके की ठंड में तड़पती रही मासूम

आशीष यादव, हजारीबाग

टाटीझरिया:टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र के धरमपुर गांव में शनिवार की सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। धरमपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र के ठीक पीछे झाड़ियों में कड़ाके की ठंड में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली।ग्रामीणों ने बच्ची की हल्की रोने की आवाज सुनकर तुरंत मदद की। बिरेंद्र हलवाई ने बच्ची को अपनी गोद में उठाया और सुरक्षित स्थान पर ले गए। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि अशोक यादव ने नवजात को प्राथमिक उपचार के लिए निजी वाहन से सदर अस्पताल, हजारीबाग भिजवाया। बच्ची फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है और उसका इलाज जारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अमानवीय कृत्य समाज की संवेदनाओं पर सवाल खड़ा करता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” का नारा दे रही है, तब भी समाज में ऐसी अमानवीय घटनाएं क्यों नहीं रुक रही हैं।प्रशासन ने कहा कि नवजात बच्ची की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











