चाईबासा में नक्सली हमला,आईईडी ब्लास्ट में CRPF जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

चाईबासा/राउरकेला:-झारखंड के चाईबासा में एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया है। इस हमले में CRPF की 134वीं बटालियन के ASI सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उन्होंने ओडिशा के राउरकेला स्थित अस्पताल में अंतिम सांस ली।

सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला, शहीद हुए ASI सत्यवान

घटना पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले और ओडिशा के राउरकेला जिले के सीमावर्ती बोलांग थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके की है, जहां झारखंड पुलिस, CRPF और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया।झारखंड पुलिस मुख्यालय ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट की चपेट में आने से ASI सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत इलाज के लिए राउरकेला स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सारंडा जंगल में लगातार चल रहा सर्च अभियान
चाईबासा एसपी कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि नक्सलियों के खिलाफ सारंडा के बीहड़ जंगलों में सुरक्षाबलों का सघन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। हाल के दिनों में ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सफलता भी हाथ लगी है, लेकिन शनिवार को नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।सुरक्षाबलों के हौसले बुलंद हैं और ऑपरेशन जारी है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, और उनके छिपने के सभी ठिकानों को ध्वस्त कर इलाके को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











