गैंगस्टर प्रिंस खान का डिजिटल नेटवर्क बेनकाब, फर्जी इंस्टाग्राम ID से चला रहा गिरोह।

महिला के नाम से बनाई प्रोफाइल, कोडवर्ड में होती थी बातचीत; रांची-धनबाद में सक्रिय नेटवर्क।

राष्ट्रीय समाचार डेस्क:झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रिंस खान अब पारंपरिक तरीकों को छोड़ डिजिटल माध्यमों के जरिए अपने गिरोह को संचालित कर रहा है।जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में छिपा बैठा प्रिंस खान “रेशमा परवीन” नाम की एक फर्जी इंस्टाग्राम ID का इस्तेमाल कर रहा था। इस प्रोफाइल पर महिला की तस्वीरों का उपयोग किया गया, ताकि शुरुआती स्तर पर पुलिस की नजरों से बचा जा सके।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस तरह के सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए गिरोह के सदस्य आपस में कोडवर्ड में बातचीत करते थे। इन्हीं प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से रंगदारी वसूली, हथियारों की सप्लाई और ठिकानों की जानकारी साझा की जाती थी।
रांची-धनबाद में सक्रिय नेटवर्क
भले ही प्रिंस खान देश से बाहर है, लेकिन उसका नेटवर्क झारखंड के रांची और धनबाद में सक्रिय बना हुआ है। हाल के दिनों में कई व्यापारियों को रंगदारी के लिए धमकियां मिलने और फायरिंग की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई तेज
पुलिस ने गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हाल ही में चलाए गए अभियान में प्रिंस खान गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए।अब साइबर सेल की मदद से “रेशमा परवीन” समेत सभी संदिग्ध फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क और स्लीपर सेल तक पहुंचा जा सके।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










