गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू, 20 मुद्दों पर होगी अहम चर्चा

राष्ट्रीय समाचार डेस्क

राजधानी रांची के रेडिशन ब्लू होटल में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की शुरुआत हुई। बैठक की शुरुआत से पूर्व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमित शाह का अंगवस्त्र, पौधा और मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। इस बैठक में पूर्वी भारत के चार राज्यों – झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

चार राज्यों के 68 प्रतिनिधि शामिल
बैठक में कुल 68 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य सचिव अलका तिवारी, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और डीजीपी अनुराग गुप्ता शामिल हैं।बिहार से मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी, ओडिशा से मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, डिप्टी सीएम पार्वती परिदा, मंत्री मुकेश महालिंग और पश्चिम बंगाल से मंत्री चंद्रिका भट्टाचार्य भाग ले रहे हैं।
रात 10:30 बजे रांची पहुंचे थे अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह रविवार रात करीब 10:30 बजे रांची पहुंचे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी 15 दिन के दिल्ली दौरे के बाद राजधानी लौटे। बैठक का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया है।
बैठक में 20 महत्वपूर्ण एजेंडों पर होगी चर्चा
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक 20 अहम मुद्दों पर केंद्रित है। इसमें सीमावर्ती राज्यों की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे का विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, खनिज संपदा के उपयोग, और क्षेत्रीय समन्वय को लेकर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है।
राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने का उद्देश्य
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यों के बीच आपसी सहयोग और प्रशासनिक समन्वय को बढ़ावा देना है, ताकि क्षेत्रीय विकास योजनाओं को सुचारू रूप से लागू किया जा सके।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











