“कॉल उठा लो, नहीं तो घर तक पहुंचेंगे” — हजारीबाग के ट्रांसपोर्टरों को राहुल दुबे गैंग के नाम पर धमकी।

फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा संदेश।

हजारीबाग:हजारीबाग जिले में एक बार फिर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को धमकी देने का मामला सामने आया है। इस बार कुख्यात अमन साहू गैंग से जुड़े राहुल दुबे के नाम पर ट्रांसपोर्टरों को फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की गई है। इस घटना के सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों में भय का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार बड़कागांव से बानादाग और चट्टी बरियातू से बचरा साइडिंग तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े कुछ कारोबारियों को धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। संदेश भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताया है। हालांकि इस वायरल मैसेज की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।धमकी भरे संदेश में ट्रांसपोर्टरों को गैंग से संबंध बनाकर काम करने की चेतावनी दी गई है। मैसेज में कहा गया है कि उनका काम चलता रहे, यह वे भी चाहते हैं, लेकिन यदि संबंध नहीं बनाए गए तो वे लोग “समझाना” जानते हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि हजारीबाग और सिमरिया में ट्रांसपोर्टरों के काम और घर की पूरी जानकारी उन्हें है।एक अन्य संदेश में छोटू सिंह नामक व्यक्ति को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। मैसेज में कहा गया है कि फोन नहीं उठाने पर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक सिमरिया स्थित घर तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। संदेश में ट्रांसपोर्टिंग व्यवसाय से जुड़े मुन्ना सिंह और छोटू सिंह का भी जिक्र किया गया है।इस तरह के धमकी भरे संदेश सामने आने के बाद ट्रांसपोर्टरों के बीच चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से कामकाज प्रभावित होता है और सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बन जाता है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











