केंद्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान कांके में ड्यूटी के दौरान कर्मी की मौत, मुआवजे को लेकर जोरदार आंदोलन

कांके:केंद्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, कांके में ड्यूटी के दौरान एक सफाईकर्मी की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर संस्थान परिसर में जोरदार आंदोलन हुआ। मृतक की पहचान चामा नगड़ी, कांके निवासी 32 वर्षीय बिरसा कच्छप के रूप में हुई है।मृतक के पिता सोमरा कच्छप ने बताया कि बिरसा कच्छप केंद्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, कांके में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे और एम.एस. धनंजय कुमार आउटसोर्सिंग कंपनी के अधीन सेवा दे रहे थे। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे ड्यूटी के दौरान सुपरवाइजर द्वारा बिरसा कच्छप एवं उनके सहकर्मी सुखदेव उरांव को पेड़ काटने का कार्य सौंपा गया था। इसी दौरान बिरसा कच्छप पेड़ से गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वहीं सुखदेव उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में मृतक के परिजनों के साथ केंद्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। आंदोलनकारियों ने मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।कई घंटों तक संस्थान प्रबंधन एवं प्रशासन के साथ वार्ता चली। देर शाम डीएसपी की उपस्थिति में प्रबंधन द्वारा मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, आश्रित परिवार के एक सदस्य को उसी पद पर नियोजन, तथा मृतक की पुत्री को आजीवन शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ और शव को दाह संस्कार के लिए विदा किया गया।आंदोलन में कांके विधायक सुरेश बैठा, देवेंद्र नाथ महतो, निशा भगत, कमलेश राम, जिला परिषद प्रतिनिधि जामील अख्तर, फुलेश्वर बेठा, गुना भगत, संतोष साहू सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











