हजारीबाग में जनता दरबार, आमजनों की समस्याओं पर डीसी सख्त
जमीन विवाद, पेंशन, राशन व आवास मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हजारीबाग:समाहरणालय भवन स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड में त्रुटि सुधार, आवास योजना, आपूर्ति, भूमि विवाद, ऑनलाइन रसीद निर्गतिकरण, पारिवारिक विवाद, विद्यालयों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, रोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन सामने आए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।

प्रमुख मामलों पर दिए गए निर्देश
केरेडारी प्रखंड की सुमा देवी ने निजी जमीन के बगल में अवैध चिमनी भट्ठा लगाए जाने और फसल को नुकसान पहुंचाने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
इचाक के सूरज कुमार दास द्वारा बंदोबस्ती जमीन से जबरन बेदखल करने के आवेदन पर सीओ इचाक से रिपोर्ट मांगते हुए एसडीओ सदर को जांच का निर्देश दिया गया।
कटकमसांडी अंचल के नाजीर हुसैन द्वारा ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं किए जाने के मामले में सीओ को अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
मंडई खुर्द के मनोज कुमार सोनी द्वारा बिना घरेलू बटवारा के जमीन बिक्री रोकने की मांग पर सब रजिस्ट्रार को नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।वहीं मंडई कला निवासी सुषमा सिन्हा द्वारा भू-माफियाओं पर जमीन हड़पने व मारपीट की शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को जांच हेतु आवेदन अग्रसारित किया।इस अवसर पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान है। सभी अधिकारी जनता की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











